अंक ज्योतिष एक्सपर्ट वास्तु गुरु मान्या के अनुसार, हर व्यक्ति की जन्म तारीख का किसी खास ग्रह से संबंध होता है और गलत रंग का पर्स पैसों के आने में रुकावट के साथ तरक्की में बाधा भी डाल सकता है। मूलांक जानने के लिए जन्म तारीख के अंकों को जोड़कर 1 से 9 के बीच आने वाला एक अंक निकाला जाता है। उदाहरण के तौर पर 29 तारीख को जन्मे व्यक्ति का मूलांक 2+9=11 और 1+1=2 होगा।
मूलांक 1 वालों के लिए सुनहरा, नारंगी या लाल रंग का पर्स उत्तम बताया गया है, जबकि काले रंग के पर्स से बचने की सलाह दी गई है। मूलांक 2 के लिए सफेद, क्रीम या हल्के हरे रंग का पर्स शुभ माना गया है। मूलांक 3 के लिए पीला, मस्टर्ड या ऑरेंज रंग उपयुक्त है। मूलांक 4 वालों के लिए नीला, स्मोकी ग्रे, खाकी या भूरा रंग बताया गया है, जो अचानक होने वाले खर्चों को कम करने में सहायक माना जाता है।
मूलांक 5 के लिए हरा, एमराल्ड या मिंट ग्रीन रंग के साथ पिंक रंग का पर्स भी शुभ बताया गया है। मूलांक 6 वालों के लिए गुलाबी, सफेद या चमकीला पर्स ठीक माना गया है। मूलांक 7 के लिए हल्का पीला, ग्रे, ऑफ व्हाइट, समुद्री हरा या मल्टीकलर पर्स की सलाह दी गई है। मूलांक 8 के लिए गाढ़ा नीला, डार्क ब्राउन या काला पर्स शुभ है, जबकि मूलांक 9 वालों के लिए लाल या मरून रंग का पर्स उत्तम बताया गया है।
पर्स को लेकर कुछ नियम भी बताए गए हैं। घर आने के बाद पर्स जमीन या बिस्तर पर न रखकर उत्तर या पश्चिम दिशा की अलमारी में रखना उचित माना जाता है। पर्स में पुराने बिल, फटी पर्चियां या बेकार कागज जमा नहीं होने देने चाहिए। शुभ उपाय के तौर पर मूलांक 1 और 9 वालों को तांबे का सिक्का, मूलांक 2 और 6 वालों को चांदी का सिक्का और मूलांक 3 वालों को हल्दी की गांठ पीले कपड़े में लपेटकर रखनी चाहिए। मूलांक 4 और 7 वालों के लिए गोमती चक्र या चांदी का छोटा चौकोर टुकड़ा, मूलांक 5 के लिए छोटी हरी इलायची या हरे रंग का रुमाल और मूलांक 8 वालों के लिए पीपल का सूखा पत्ता रखने की सलाह दी गई है।
