अभिनेता पंकज त्रिपाठी इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘पारिवारिक मनु रंजन’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वे रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। इस बीच उन्होंने रोमांस, सादगी और अपनी बेटी समेत कई मुद्दों पर खुलकर बात की।

पंकज त्रिपाठी का मानना है कि ज्यादातर रोमांस सिनेमा से समाज में आया है। उनके मुताबिक, सिनेमा ने महिलाओं की अपेक्षाएं बढ़ा दी हैं कि हीरो जैसा करता है, वैसा ही उनसे भी उम्मीद की जाती है। वे कहते हैं कि इससे भारतीय पुरुष भी दबाव में जीने लगे हैं। उनके लिए प्रेम बांहें फैलाने या पहाड़ों पर जाकर फैंटेसी जीने का नाम नहीं है, बल्कि किसी को एक गिलास पानी देना या हाथ में हाथ डालकर पार्क में टहलना भी रोमांस है। उन्होंने अपनी फिल्म से जुड़े एक सीन का जिक्र किया, जिसमें घर में काम करने वाली महिला के बीमार होने पर खिचड़ी बनाकर और नोट लिखकर छोड़ा जाता है। यह सीन फिलहाल फिल्म में नहीं है।

अपनी बेटी आशी के बारे में बात करते हुए पंकज ने कहा कि उन्होंने उसे अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने की पूरी छूट दी है। उनके मुताबिक, बेटी अब लिखने में भी दिलचस्पी ले रही है और यह तय नहीं है कि वह सिर्फ एक्टिंग ही करेगी।

सादगी और सहजता को अपनी बनावट बताते हुए पंकज ने कहा कि उन्होंने सफलता और सिनेमा को खुद पर हावी नहीं होने दिया। अपनी साथी अभिनेत्रियों के बारे में उन्होंने कहा कि वे उनका दिल से सम्मान करते हैं। उनके अनुसार, जिस समाज से वे आते हैं, वहां एक लड़की के लिए घर से निकलकर सिनेमा में आना बड़ी लड़ाई रही है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया महिलाओं की वजह से खूबसूरत है।