सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्चिंग इवेंट में राहुल गांधी ने पहली बार अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया। जब उनसे पूछा गया कि अब वह गर्लफ्रेंड कहां है, तो राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा कि अब वह एक दोस्त हैं। इवेंट के बाद X पर एक पोस्ट में राहुल ने बताया कि इस दौरान बचपन से अब तक की कई यादें ताजा हो गईं।
कार्यक्रम में राहुल ने अपने माता-पिता राजीव और सोनिया के रिश्ते पर बात की। उन्होंने बताया कि कैम्ब्रिज में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वह उस रेस्टोरेंट में गए थे, क्योंकि वह देखना चाहते थे कि उनके माता-पिता कहां मिले थे। राहुल ने कहा कि उनके माता-पिता के बारे में कई कहानियां मशहूर थीं, जिनमें एक बड़ी कहानी यह थी कि वे ‘वर्सिटी रेस्टोरेंट’ में मिले थे। रेस्टोरेंट में वेटर ने उन्हें बताया कि वह उनके माता-पिता को जानता है। राहुल ने बताया कि वेटर ने ‘चिकन चैसर’ लेने की सलाह दी, और उन्होंने मजाक में कहा कि अगर प्यार में पड़ना है तो वर्सिटी रेस्टोरेंट जाइए, लेकिन वहां ‘चिकन चैसर’ मत खाइये। सोनिया की ओर इशारा करते हुए राहुल ने कहा कि उन्हें शायद याद है कि खाना बहुत ही खराब था।
राहुल ने कहा कि उनके परिवार ने जिंदगी के दो महत्वपूर्ण सहारे खोए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का जिक्र किया। राजीव गांधी की मौत के बाद सोनिया गांधी की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। राहुल ने कहा कि यह उनके लिए बहुत डरावना समय था, क्योंकि उन्हें पता था कि ऐसा होने वाला है। उन्होंने कहा कि किताब का नाम ‘बिलॉन्गिंग’ है, क्योंकि सोनिया अपने पति से जुड़ी थीं और राजीव उनसे जुड़े थे। राहुल ने कहा कि राजीव के जाने के बाद सोनिया ने एक दूसरी यात्रा शुरू की और एक नई मां सामने आई।
राहुल ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि उन्हें कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक रखने के सख्त निर्देश मिले थे और वह उनका पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि एक बेटे के रूप में उन्हें लगा कि अपनी मां की थोड़ी झलक लोगों के सामने रखनी चाहिए। हार्परकॉलिन्स इंडिया के सीईओ अनंत पद्मनाभन के अनुसार, एक हफ्ते से भी कम समय में सोनिया गांधी की किताब की दो लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। किताब 10 नवंबर को मार्केट में लॉन्च की गई थी।
