सिवनी के होटल सिद्धार्थ में पुलिस की दबिश और उसके बाद सामने आए 75 सेकंड के एक गुप्त कैमरा रिकॉर्डिंग ने पुलिस अधिकारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिकॉर्डिंग में एक बालिग प्रेमी जोड़े के बैग में गांजा रखने की कथित धमकी सुनाई दे रही है। मामला सामने आने के बाद टीआई सतीश तिवारी को निलंबित कर दिया गया है।

होटल संचालक संजय सनोडिया का आरोप है कि पुलिस अधिकारी उनसे हर महीने 50 हजार रुपये मांग रहे थे। उनका दावा है कि अक्टूबर में उन्होंने टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपये दिए, फिर भी पूरी रकम की मांग जारी रही। संचालक के मुताबिक, 7 से 9 अक्टूबर के बीच लगातार तीन दिन होटल में पुलिस ने दबिश दी और कथित तौर पर सीसीटीवी का डीवीआर अपने साथ ले गई। इसके बाद उन्होंने दूसरा गुप्त कैमरा लगवाया, जिसकी रिकॉर्डिंग अब सार्वजनिक हुई है।

वीडियो में एएसपी दीपक मिश्रा, सीएसपी चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी होटल के रिसेप्शन पर दिखाई देते हैं। बातचीत के दौरान टीआई जोड़े के बालिग होने और शादी की इच्छा का जिक्र करते हैं। इसके बाद युवती से उसके पिता को फोन लगाने को कहा जाता है। युवती के इनकार पर एएसपी कथित तौर पर लड़के के बैग में गांजा रखने की बात कहते सुनाई देते हैं। यही संवाद विवाद का केंद्र बन गया है।

वीडियो सार्वजनिक होने के बाद एसपी कृष्ण लालचंदानी ने टीआई सतीश तिवारी को सस्पेंड कर दिया है, जबकि एएसपी दीपक मिश्रा और सीएसपी चंचलेश मरकाम की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच शुरू की गई है। होटल संचालक ने किराएदार यश मेश्राम के साथ मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि होटल संचालक से हर महीने 50 हजार रुपये मांगे गए थे या नहीं, वायरल रिकॉर्डिंग में बातचीत की पूरी परिस्थितियां क्या थीं और बालिग जोड़े को कथित धमकी देने में किसकी क्या भूमिका थी।