सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2027 ऑक्शन से पहले अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी कर दी है। फ्रेंचाइजी ने ट्रेविस हेड, जयदेव उनादकट और दिलशान मधुशंका समेत 10 खिलाड़ियों को रिलीज किया है। टीम अब 40.15 करोड़ रुपये के पर्स के साथ नीलामी में उतरेगी, जो ऑक्शन का तीसरा सबसे बड़ा पर्स है।
हेड का रिलीज होना टीम के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अगले साल ऑस्ट्रेलिया का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है, जिसमें बॉर्डर-गावस्कर सीरीज, आईपीएल, एशेज सीरीज और साल के अंत में वर्ल्ड कप शामिल है। इसी वजह से दिल्ली कैपिटल्स ने भी मिचेल स्टार्क को रिलीज किया है। हेड और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने हैदराबाद के लिए अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है, ऐसे में टीम को नई ओपनिंग जोड़ी चुननी होगी। चर्चा है कि ईशान किशन अभिषेक के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए पैट कमिंस के नाम वापस लेने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन रिटेंशन लिस्ट में उनका नाम शामिल है। यानी वे अगले सीजन में हैदराबाद की अगुवाई करते हुए नजर आएंगे। रिटेन किए गए खिलाड़ियों में पैट कमिंस, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, ब्रायडन कार्स, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, हर्ष दुबे, स्मरण रविचंद्रन, प्रफुल हिंगे, साकिब हुसैन, शिवांग कुमार, क्रेन्स फुलेत्रा, इशान मलिंगा के अलावा ट्रेड के जरिए टी नटराजन, नाथन एलिस और खलील अहमद शामिल हैं।
रिलीज किए गए खिलाड़ियों में ट्रेविस हेड, जयदेव उनादकट, गेराल्ड कोएत्जी, दिलशान मदुशंका, डेविड पायने, अमित कुमार, कमिंदु मेंडिस, ओंकार तरमाले, आरएस अंबरीश और शिवम मावी के नाम हैं। एसआरएच की टीम में कुल सात स्लॉट खाली हैं, जिनमें से तीन विदेशी खिलाड़ी खरीदे जा सकते हैं।
