श्रीलंका-ए के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली हार के बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने कहा है कि 20 ओवर के बाद विकेट धीमा हो गया था, जिसके कारण टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि टीम ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाए, जिससे रन गति प्रभावित हुई। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए थे, जिसे श्रीलंका ने 41.3 ओवरों में हासिल कर लिया। श्रीलंकाई टीम ने एक भी मैच हारे बिना फाइनल में जगह बनाई है।
मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में तिलक वर्मा ने कहा कि 320-330 का स्कोर अच्छा होता। उनके अनुसार पहले 20 ओवर तक गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी, लेकिन उसके बाद विकेट में बदलाव आ गया। उन्होंने बताया कि बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने के बाद तनुष और शाहबाज ने अच्छी बल्लेबाजी कर टीम को 318 रन तक पहुंचाया।
गेंदबाजी के बारे में कप्तान ने कहा कि शुरुआती 15 ओवर बहुत कठिन रहे। उनका प्लान श्रीलंका को छह रन प्रति ओवर पर रोकने का था, लेकिन टीम ऐसा नहीं कर सकी। तिलक ने कहा कि श्रीलंका के ओपनर्स ने अच्छा खेल दिखाया और उन्हें इसका श्रेय जाता है। उन्होंने कहा कि वह उस समय सभी गेंदबाजों को आजमा रहे थे, लेकिन वह दिन भारत के लिए खराब रहा।
सेमीफाइनल में जीत के साथ श्रीलंका ने फाइनल में जगह पक्की कर ली है। अब फाइनल में उसका मुकाबला बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान मैच के विजेता से होगा।
