मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के नारसन खुर्द में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार जल्द ही गन्ने के दाम बढ़ाने पर निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी सरकार ने गन्ना मूल्य बढ़ाया था और इस बार भी शीघ्र इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए काम हो रहा है। उन्होंने मंगलौर क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं।

उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि नारसन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लाक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है और लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास मिले हैं, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं और 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के किसानों के खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी जा चुकी है और किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कालेज के नवनिर्माण, नारसन खुर्द में नाले की सफाई एवं पक्के नाले के निर्माण और लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने सराय रजवाहे की पटरी, सिलाखाला पर तटबंध और ग्राम ब्रह्मपुर जट में सड़क निर्माण की भी घोषणा की। ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ किए जाने से संबंधित मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा। कार्यक्रम में कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सदस्य कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, महापौर रुड़की अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा के विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन आदि मौजूद रहे।