उत्तराखंड के स्टार्टअप गोहेंप ने फ्रांस में आयोजित विश्व हेंप फोरम में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। कंपनी के सह-संस्थापक गौरव दीक्षित को फोरम में अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था। पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लाक स्थित फलदाकोट गांव से शुरू हुए इस स्टार्टअप ने औद्योगिक भांग से पर्यावरण अनुकूल निर्माण तकनीक विकसित की है।
वर्ष 2018 में आर्किटेक्ट नम्रता कंडवाल और गौरव दीक्षित ने दिल्ली से उत्तराखंड लौटकर इस पहल की नींव रखी थी। दोनों ने करीब चार वर्ष तक पहाड़ के गांवों का भ्रमण कर औद्योगिक भांग के उपयोग पर शोध किया। इसके बाद फलदाकोट में देश की पहली ऐसी इमारत तैयार की गई, जिसकी दीवारों, प्लास्टर और छत के इंसुलेशन में भांग के रेशों और लकड़ी का इस्तेमाल किया गया। स्टार्टअप को आईआईटी रुड़की का इनक्यूबेशन, शोध और ग्रीन सर्टिफिकेशन मिला है। कंपनी को भारत सरकार से पेटेंट भी प्राप्त है। वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लोबल हाउसिंग टेक्नोलॉजी चैलेंज के विजेता के रूप में कंपनी को सम्मानित किया था।
स्टार्टअप ने अब तक देश के विभिन्न राज्यों में 15 भवनों के निर्माण में सहयोग किया है। कच्चे माल की आपूर्ति के लिए गोहेंप ने उत्तराखंड की 200 से अधिक महिला किसानों के साथ अनुबंध किए हैं, जिससे उन्हें मौसमी रोजगार और आय का अवसर मिल रहा है। फैक्ट्री में 10 स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उत्पादन कार्य से जोड़ा गया है। कंपनी की कार्यशालाओं के माध्यम से अब तक 500 से अधिक लोग हेंप आधारित निर्माण तकनीक का प्रशिक्षण ले चुके हैं।
गौरव दीक्षित ने बताया कि हेंपक्रीट से तैयार निर्माण सामग्री हल्की, ध्वनिरोधी और प्राकृतिक रूप से सांस लेने योग्य होती है। यह भवनों को गर्मियों में ठंडा और सर्दियों में गर्म रखने में सहायक है। राज्य में 1705 स्टार्टअप हैं, जिनसे पांच हजार लोगों को रोजगार प्राप्त है। कंपनी का लक्ष्य उत्तराखंड में कम नशे वाली औद्योगिक भांग की लाइसेंस प्राप्त खेती को बढ़ावा देकर संगठित हेंप उद्योग विकसित करना है।
