विश्व हिंदू परिषद (विहिप) 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक देशव्यापी हितचिंतक अभियान चलाएगा। संगठन का लक्ष्य दो लाख गांवों में एक करोड़ हिंदुओं को जोड़ना है। विहिप के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने रविवार को कानपुर के आर्यनगर स्थित गैंजेस क्लब में आयोजित ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम में यह जानकारी दी।

परांडे ने बताया कि पिछले अभियान में 72 लाख लोग जुड़े थे, जबकि इस बार प्रदेश में 25 लाख से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि विहिप में सदस्यता की परंपरा नहीं है और संगठन सभी हिंदुओं को अपना मानता है। हितचिंतक बनने के लिए 20 रुपये का शुल्क निर्धारित है। यह अभियान हर तीन वर्ष में चलाया जाता है, जिसके जरिये लोगों को संगठन के सेवा, सुरक्षा और संस्कार संबंधी कार्यों तथा देश-विदेश की गतिविधियों से अवगत कराया जाता है।

रामायण फिल्म पर नाराजगी जताते हुए परांडे ने आरोप लगाया कि इसमें भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन को छोटा दिखाने और रावण का महिमामंडन करने का प्रयास किया गया है, जिससे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। विहिप ने फिल्म का सेंसर प्रमाणपत्र रद करने और इसके प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

राम मंदिर ट्रस्ट के चंदे में कथित अनियमितताओं के सवाल पर उन्होंने कहा कि जांच जारी है और एसआईटी चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। कानून अपना काम करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि समर्पण निधि में चोरी नहीं हुई है।