सेंचुरियन में खेले गए बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर वियान मुल्डर ने 31 रन देकर 7 विकेट लिए। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका पहला 7 विकेट हॉल है। टेस्ट क्रिकेट 1877 में शुरू हुआ था और अब तक इस फॉर्मेट में 236 खिलाड़ी 7 विकेट हॉल ले चुके थे। मुल्डर 237वें खिलाड़ी बन गए हैं। साउथ अफ्रीका ने यह मैच एक पारी और 219 रनों से जीतकर सीरीज को क्लीन स्वीप कर लिया।

28 साल के दाएं हाथ के बल्लेबाज मुल्डर के नाम टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक भी है। उन्होंने पिछले साल जिम्बाब्वे के खिलाफ 367 रनों की नाबाद पारी खेली थी। ऐसा लग रहा था कि वह ब्रायन लारा के 400 रनों का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, लेकिन मुल्डर ने पारी घोषित कर दी। उस मैच में वह साउथ अफ्रीका की कप्तानी भी कर रहे थे।

टेस्ट मैचों में 29 बल्लेबाजों के नाम तिहरा शतक दर्ज है। इनमें 8 ने एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। इन 8 में से दो के नाम 6 विकेट हॉल है, जबकि मुल्डर अब एकमात्र खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने पारी में 7 विकेट हॉल भी लिए हैं। वेस्टइंडीज के महान सर गैरी सोबर्स और ऑस्ट्रेलिया के माइकल क्लार्क ने टेस्ट में तिहरा शतक लगाने के साथ 6 विकेट हॉल लिए हैं।

मुल्डर ने इस मैच की पहली पारी में शतक भी लगाया था। वह साउथ अफ्रीका की ओर से एक ही टेस्ट में शतक लगाने और पांच विकेट चटकाने वाले पांचवें खिलाड़ी बने। इसके साथ ही वह साउथ अफ्रीका के लिए एक ही टेस्ट में सेंचुरी और एक पारी में 7 विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। मुल्डर ने ये 7 विकेट सिर्फ 64 गेंदों में झटके।