भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शुक्रवार से क्राइस्टचर्च में शुरू हुए दूसरे टेस्ट में बिना कोई गेंद खेले ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हेगली ओवल में वह अपना 33वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं और उन्होंने अपने सभी 33 टेस्ट अलग-अलग मैदानों पर खेले हैं। जायसवाल ने तीन साल पहले वेस्टइंडीज में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी और तब से लगातार अलग-अलग देशों के अलग-अलग मैदानों पर खेलते हुए इस अनोखी सूची में अपना नाम दर्ज कराया है।

डेब्यू के बाद लगातार अलग-अलग मैदानों पर सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने के मामले में जायसवाल ने संजय मांजरेकर के 1994 से चले आ रहे विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। मांजरेकर ने भी अपने शुरुआती 33 टेस्ट अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। उनका यह सिलसिला 34वें मैच में टूटा था, जब वे बेंगलुरु में खेलने उतरे, क्योंकि वे पहले भी इस मैदान पर खेल चुके थे।

इस दौरान जायसवाल ने सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है। तेंदुलकर ने अपने शुरुआती 32 टेस्ट अलग-अलग मैदानों पर खेले थे। जायसवाल ने पिछले मैच में सचिन की बराबरी की थी और अब वे उनसे आगे निकल चुके हैं।