22 नवंबर को कार्तिक शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि है। इस दिन अश्विनी नक्षत्र और व्यतीपात योग का संयोग बन रहा है। रविवार होने के कारण इस दिन रवि प्रदोष व्रत भी रखा जाएगा। पंचांग के अनुसार यह दिन भगवान शिव और सूर्यदेव की कृपा पाने तथा पितृ दोष से मुक्ति के लिए फलदायी माना गया है।
त्रयोदशी तिथि 22 नवंबर को सुबह 04 बजकर 56 मिनट पर शुरू होगी और 23 नवंबर को तड़के 02 बजकर 36 मिनट तक रहेगी। व्यतीपात योग रात्रि 11 बजकर 29 मिनट तक रहेगा, इसके बाद वरीयान योग बनेगा। कौलव करण दोपहर 03 बजकर 51 मिनट तक और तैतिल करण 23 नवंबर को तड़के 02 बजकर 37 मिनट तक रहेगा।
सूर्योदय प्रातः 06 बजकर 49 मिनट और सूर्यास्त सायं 05 बजकर 25 मिनट पर होगा। चंद्रोदय दोपहर 03 बजकर 30 मिनट पर होगा। सूर्यदेव वृश्चिक राशि में और चंद्रदेव मेष राशि में स्थित हैं। अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11 बजकर 46 मिनट से 12 बजकर 28 मिनट तक है। अमृत काल रात्रि 09 बजकर 33 मिनट से 11 बजकर 02 मिनट तक रहेगा। राहुकाल सायं 04 बजकर 06 मिनट से 05 बजकर 25 मिनट तक है।
रवि प्रदोष व्रत के लिए प्रदोष पूजा मुहूर्त 22 नवंबर को शाम 05 बजकर 25 मिनट से रात 08 बजकर 06 मिनट तक है। यह अवधि 02 घंटे 41 मिनट की है। चंद्रदेव अश्विनी नक्षत्र में विराजमान रहेंगे, जो 23 नवंबर को तड़के 04 बजकर 15 मिनट तक रहेगा, इसके बाद भरणी नक्षत्र होगा। अश्विनी नक्षत्र का स्वामी केतु और राशि स्वामी मंगलदेव हैं। शुक्ल और कृष्ण पक्ष दोनों की त्रयोदशी पर प्रदोष व्रत का विधान है। प्रदोष व्रत का दिन तब तय होता है, जब सूर्यास्त के बाद प्रदोष काल में त्रयोदशी तिथि व्याप्त हो। रविवार को पड़ने वाले प्रदोष को रवि प्रदोष कहा जाता है। यह पंचांग Astropatri.com की ओर से प्रस्तुत किया गया है।
