नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) एक दिन पहले के मुकाबले 26 अंक घटकर 239 पर आ गया। हालांकि, हवा लगातार चौथे दिन ‘खराब’ श्रेणी में ही बनी रही। अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के चलते प्रदूषकों के बिखरने से वायु गुणवत्ता में यह सुधार हुआ।

पिछले चार दिनों से दिल्ली की हवा में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। एक्यूआई 19 नवंबर को 280 था, जो 20 नवंबर को 270, शनिवार को 265 और रविवार को 239 रहा। रविवार को आंकड़े दर्ज करने वाले 56 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 36 में हवा ‘खराब’, आठ में ‘बेहद खराब’ और 12 में ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। उत्तम नगर में सबसे खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की गई, जहां एक्यूआई 332 रहा, जबकि इग्नू मैदान गढ़ी में एक्यूआई 330 दर्ज हुआ।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 तक एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुमान के मुताबिक, सोमवार से बुधवार तक दिल्ली की हवा ‘खराब’ श्रेणी में रह सकती है। इसके बाद के छह दिनों के पूर्वानुमान में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी के बीच रहने की संभावना जताई गई है।