दिल्ली में रेलवे ट्रैक के किनारे जमा कचरा गंदगी के साथ-साथ वायु प्रदूषण का भी कारण बन रहा है। रेलवे लाइनों के किनारे लंबे समय से पड़े कचरे, मिट्टी और मलबे से हवा चलने पर धूल उड़ती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। एमसीडी की ओर से पहले भी विशेष सफाई अभियान चलाकर हजारों टन कचरा उठाने का दावा किया गया था, लेकिन कई इलाकों में गंदगी की समस्या जस की तस बनी हुई है।

रेलवे की एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में रेलवे के ट्रैक 365.2 किलोमीटर लंबे हैं, जिनमें से 18.93 किलोमीटर ट्रैक पर 125 स्थानों पर खतरनाक कचरा और गंदगी पड़ी हुई है। दक्षिणी दिल्ली के लाजपत नगर बाईपास ए केबिन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे करीब 300 मीटर तक कचरे का अंबार लगा हुआ है। पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी और मान सरोवर पार्क इलाके से गुजरने वाली रेलवे लाइन के किनारे भी कचरे के ढेर लगे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रेलवे ट्रैक के आसपास एकांत होने के कारण लोग यहां कचरा फेंक जाते हैं और नियमित सफाई नहीं होने से यह कचरा लंबे समय तक पड़ा रहता है।

केंद्र सरकार ने भी इस समस्या को गंभीरता से लिया है। पिछले पखवाड़े में केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में एमसीडी को 20 दिन में व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए थे, जिसमें रेलवे लाइन के आसपास की बस्तियों और कॉलोनियों का सर्वे, नियमित घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का उचित निस्तारण और दोबारा कचरा जमा होने से रोकने के उपाय शामिल करने को कहा गया था।

एमसीडी ने अगस्त से अक्टूबर के बीच चले विशेष अभियान के दौरान 5,997 टन कचरे की सफाई करने का दावा किया था, जबकि इससे पहले अप्रैल में 18,495 मीट्रिक टन कचरा उठाने की जानकारी सामने आई थी। इस पर एमसीडी अब तक छह करोड़ रुपये खर्च कर चुका है, लेकिन रेलवे ट्रैक के किनारे सफाई नजर नहीं आती है।