भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान की ओर से भिखारी ठाकुर जयंती के अवसर पर आरा में 15 से 18 दिसंबर तक लोकरस रंग सह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। संस्थान के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर इस बार समारोह को विशेष स्वरूप देने की तैयारी है। रविवार को भिखारी ठाकुर सांस्कृतिक मंच, पटेल बस पड़ाव परिसर में संस्थान के सदस्यों की बैठक में आयोजन की रूपरेखा तय की गई।

राष्ट्रीय भोजपुरी संस्थान, छपरा के डॉ. उमाशंकर साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि भोजपुरी भाषा-संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर राष्ट्रीय स्तर की परिचर्चा आयोजित होगी, जिसमें देशभर के भोजपुरी भाषाविद, शोधार्थी और विद्वान शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि विद्वानों को आमंत्रित किया जा रहा है और उनकी सहमति मिलने के बाद वक्ताओं की सूची जारी की जाएगी।

चार दिवसीय समारोह में कोइलवर के रंगकर्मी शशि कुमार उर्फ पंकज कुमार सिंह के निर्देशन में भिखारी ठाकुर की चर्चित कृति 'गबरघिचोर' का मंचन होगा। इसके अलावा काव्य संध्या, कहानी पाठ, स्कूली विद्यार्थियों के लिए भोजपुरी चित्रकला प्रतियोगिता और विभिन्न विद्यालयों की टीमों की भोजपुरी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। रांची (झारखंड) की टीम कत्थक नृत्य के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुति देगी।

संस्थापक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र सिंह ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और जिला कला-संस्कृति पदाधिकारी से वार्ता की गई है तथा जिले के जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की जाएगी। बैठक में रजत जयंती वर्ष के दौरान पूरे साल महत्वपूर्ण दिवसों पर भोजपुरी साहित्य, भाषा और संस्कृति से जुड़े आयोजन करने पर सहमति बनी। बैठक के अंत में भिखारी ठाकुर परंपरा के कलाकार रामाज्ञा राम की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गोपालगंज से आए डॉ. जैनेन्द्र कुमार शुक्ल ने भोजपुरी कला के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। बैठक में सचिव रवि प्रकाश सूरज, सह सचिव आलोक कुमार सिंह, व्यास कमलेश पासवान, रंगकर्मी सरफराज अहमद, मुन्ना राय, स्वामी विक्रमादित्य, धनंजय कटकैरा, कृष्ण यादव कृष्णेंदु सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने आयोजन की सफलता के लिए आर्थिक सहयोग अभियान तेज करने का संकल्प लिया।