आगरा के अछनेरा क्षेत्र में नहर टूटने और ओवरफ्लो होने से करीब 60 बीघा आलू की फसल जलमग्न हो गई है। किसानों का आरोप है कि नहरों की सिल्ट सफाई लंबे समय से नहीं कराई गई थी और सोमवार रात अचानक पानी छोड़े जाने से नहर उफान पर आ गई।

अछनेरा क्षेत्र के गोबरा गांव के पास फतेहपुर सीकरी शाखा (एफएस ब्रांच) नहर टूटने से करीब 60 बीघा आलू की फसल में पानी भर गया। वहीं, कीठम स्केप नहर ओवरफ्लो होने से लगभग पांच बीघा आलू की फसल जलमग्न हो गई। कीठम में प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में भी पानी भर गया। किसानों का आरोप है कि लंबे समय से नहरों की सिल्ट सफाई नहीं कराई गई थी, और सोमवार रात अचानक पानी छोड़ने से नहर उफान पर आ गई और पानी खेतों में घुस गया।

घटना की जानकारी पर भाजपा किसान नेता मोहन सिंह चाहर और विधायक प्रतिनिधि डॉ. रामेश्वर चौधरी मौके पर पहुंचे और प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर किसानों से नुकसान की जानकारी ली। चाहर ने तत्काल क्षति का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है, जबकि डॉ. चौधरी ने अधिकारियों को नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट भेजने को कहा है। रुनकता के बाबी, ज्ञान सिंह आदि किसानों का कहना है कि आलू की फसल में पानी भरने से कंद सड़ने का खतरा है, और पहले से ही कम दामों से परेशान किसानों के सामने नई मुसीबत खड़ी हो गई है।

प्रभावित किसानों में गोबरा गांव के पास एफएस ब्रांच नहर टूटने से राजू, डालचंद, दीनदयाल, झगडू, नीरज और रामबाबू शामिल हैं, जबकि कीठम स्केप नहर टूटने से सुभाष चंद, हर किशोर और राम चरण आदि किसानों की आलू की फसलें जलमग्न हुई हैं। इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता नीरजपाल सिंह से उनका पक्ष जानने के लिए फोन और व्हाट्सएप पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।