उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें पांच लोगों की मौत की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, उतरौला-बलरामपुर रोड पर अकसी बड़हरा गांव के पास दो बाइक पर सवार सात लोगों को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल पहुंचने तक दो अन्य घायलों के दम तोड़ने की बात कही जा रही है। पहले तीन मृतकों की जानकारी सामने आई थी। मृतकों की संख्या बढ़ने का भी दावा किया जा रहा है, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर घटना और मृतकों की संख्या को लेकर पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

घायलों को भर्ती कराने वाले अस्पताल के डॉ. नदीम ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और दो घायल लाए गए हैं। अस्पताल पहुंचे मृतक-घायलों में से तीन अज्ञात हैं, जबकि अन्य के परिजन अस्पताल में मौजूद हैं। दो घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद एक घायल को रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरा घायल अपनी मर्जी से अस्पताल से चला गया।

उतरौला के इस हादसे में दो घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, वहीं दूसरे घायल को परिजन अपनी इच्छा से अपने साथ ले गए और उसका इलाज किसी निजी अस्पताल में कराने की बात कर रहे थे।