पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के अजीज लेन स्थित प्रकाशपुंज अपार्टमेंट में चार बदमाशों ने दो फ्लैटों से 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। घटना की जानकारी मिलने पर जक्कनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, फ्लैट नंबर 103 के मालिक सत्यम सिंह 14 नवंबर को परिवार के साथ छठ पर्व मनाने सहरसा जिले के कठडुमर गांव गए हुए थे। घर में ताला लगा होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने अपार्टमेंट में प्रवेश किया और दोनों फ्लैटों के मुख्य दरवाजों की कुंडी काट दी। पहले वे फ्लेट नंबर 101 में घुसे, जहां करीब 15 सेकंड रुककर बाहर निकल गए। इसके बाद फ्लैट नंबर 103 में घुसकर अलमारियां तोड़ीं और कीमती सामान समेट लिया।

चोरी गए सामान में सोने की चेन, अंगूठियां, इयररिंग, झुमके, नथनी और सोने के सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के सिक्के, चेन और पायल भी ले जाए गए। सबसे कीमती सामान में पारंपरिक सोने के आभूषणों से भरी एक पुरानी पोटली भी बताई जा रही है। चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चारों बदमाशों की गतिविधियां कैद हो गई हैं। फुटेज में एक बदमाश गेट के पास निगरानी करता दिख रहा है, जबकि दूसरा गार्ड से बातचीत में उलझा हुआ है। इसी दौरान अन्य दो बदमाश फ्लैटों में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। छठ पर्व मनाकर लौटे सत्यम सिंह ने टूटी कुंडी और बिखरा सामान देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।