झारखंड के चतरा जिले में एनटीपीसी की एनकेएसटीपीपी नॉर्थ करणपुरा परियोजना (टंडवा) के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तीन श्रमिकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर काम चल रहा था और कई कर्मचारी जमीन से करीब 50 मीटर की ऊंचाई पर तैनात थे, तभी अचानक कन्वेयर बेल्ट टूटकर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य एनटीपीसी की ओर से नियुक्त एक आउटसोर्स कंपनी से कराया जा रहा था। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों का आधिकारिक तौर पर अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, निर्माण के दौरान स्ट्रक्चरल डिजाइन में खराबी के कारण कन्वेयर बेल्ट टूटा, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे के वक्त एक मजदूर कन्वेयर बेल्ट के साथ लटक गया था।
एनकेएसटीपीपी नॉर्थ करणपुरा (टंडवा) के जन संपर्क अधिकारी के अनुसार, निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर कार्य के दौरान हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में मेसर्स सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड एवं मेसर्स थिसेनक्रुप के अंतर्गत कार्यरत तीन श्रमिकों की मृत्यु हुई तथा दो श्रमिक घायल हुए। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी परिवार इस घटना से अत्यंत शोकाकुल है और सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। घायलों का उचित उपचार किया जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच चल रही है, जिसके बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि चतरा स्थित एनटीपीसी में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुःखद है और प्रभावित लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सीएम ने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
