आगरा में जिला प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा के लिए डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर (डीसीसी) शुरू किया है। अब घर बैठे फोन के जरिए मतदाता सूची, बीएलओ और बूथ से जुड़ी जानकारी ली जा सकती है। डीसीसी चौबीस घंटे चलेगा और इसमें तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट सभागर में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और उन्हें मतदाता सूची की छायाप्रति उपलब्ध कराई। इसके बाद उन्होंने डीसीसी का शुभारंभ किया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान मौजूद रहे।

मंगलवार को नौ विधानसभा क्षेत्रों के 3,849 बूथों पर 30 लाख मतदाताओं की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन हुआ। सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक 35 हजार से अधिक लोगों ने बूथों पर पहुंचकर अपना नाम देखा। बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची में नहीं मिले, जबकि कुछ के नाम, पता या उम्र गलत अंकित थी। डीएम के अनुसार, साढ़े 43 हजार मतदाता बढ़े हैं और वर्तमान में 30 लाख मतदाता हैं। सूची में आपत्ति 16 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकती है, जबकि अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी को प्रकाशित होगी।

डीएम ने बताया कि एक हजार पुरुषों पर 830 महिलाएं हैं। विधानसभा बाह, खेरागढ़, फतेहाबाद और आगरा ग्रामीण में जेंडर रेशियो औसत से कम है, जिसे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। फॉर्म-छह के साथ दो रंगीन पासपोर्ट फोटो, मोबाइल नंबर, परिवार के किसी एक सदस्य का फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र की छायाप्रति, आधार कार्ड, पासपोर्ट, बिजली या टेलीफोन का बिल जमा किया जा सकता है।