आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक हुए दो अलग-अलग हादसों में दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। यूपीडा की टीम ने दोनों घटनाओं में तत्काल राहत और बचाव कार्य किया।

पहला हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे किलोमीटर सात के पास हुआ। चित्रकूट से गाजियाबाद जा रही एक कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। कार को मोहनराम शास्त्री चला रहे थे, जबकि उसमें राजेंद्र नगर, गाजियाबाद निवासी रामविलास शुक्ला और उनकी पत्नी प्रभावती सवार थे। टक्कर में दंपती घायल हो गए। सूचना मिलने पर यूपीडा सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी, एसएसडी पेट्रोलिंग टीम और थाना डौकी के उपनिरीक्षक मोहम्मद खालिद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

दूसरा हादसा बुधवार सुबह 5:20 बजे किलोमीटर 29,300 पर हुआ। गुरुग्राम से पश्चिम बंगाल जा रही अर्टिगा टैक्सी में दो परिवारों के सदस्य सवार थे। चालक शिब्रता जलानी को नींद की झपकी आने से कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में जयदेव जाना को मामूली चोट आई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत अन्य सभी यात्री सुरक्षित रहे।

यूपीडा की टीम ने घायल को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भिजवाया और अन्य यात्रियों को एंबुलेंस से फिरोजाबाद स्टेशन पहुंचाया। क्षतिग्रस्त कार को टोल प्लाजा भेज दिया गया।