एम्स के डॉक्टर ग्लियोब्लास्टोमा ब्रेन ट्यूमर की वृद्धि धीमी करने के लिए गामा नाइफ रेडियोसर्जरी और कैंसर की दवा बेवासिजुमैब की कम खुराक के संयोजन पर शोध कर रहे हैं। न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रोफेसर और शोध के नेतृत्वकर्ता डॉ. दीपक अग्रवाल के अनुसार सरकारी अस्पतालों में मरीजों की अधिक संख्या के कारण सर्जरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है और कई बार बीमारी की पहचान से सर्जरी तक का समय तीन महीने से भी अधिक हो जाता है। ग्लियोब्लास्टोमा जैसे तेजी से बढ़ने वाले ट्यूमर में 90 दिन का विलंब भी मरीज की स्थिति को गंभीर बना सकता है, इसलिए सर्जरी से पहले ही उपचार शुरू करने की संभावना तलाशना महत्वपूर्ण माना गया है।
शोधकर्ताओं के अनुसार बेवासिजुमैब ट्यूमर को होने वाली रक्त आपूर्ति और उससे जुड़ी सूजन कम करने में मदद कर सकती है। आरंभिक लक्षणों के अनुसार यह तरीका ट्यूमर की बढ़ोतरी और उससे जुड़ी सूजन को नियंत्रित करने में मददगार दिखा है। इससे सर्जरी के लिए लंबी प्रतीक्षा कर रहे मरीजों को उपचार का विकल्प मिल सकेगा और आगे चलकर सर्जरी को अधिक सुरक्षित बनाने तथा ट्यूमर निकालने में सहूलियत मिलने की संभावना है। अध्ययन में सर्जरी से पहले और बाद में इस तरीके के उपयोग की संभावनाओं की भी पड़ताल की गई है।
ग्लियोब्लास्टोमा वयस्कों में होने वाले सबसे आक्रामक प्राथमिक कैंसरयुक्त मस्तिष्क ट्यूमर में से एक है। सर्जरी, विकिरण उपचार और कीमोथेरेपी के बावजूद मरीजों के जीवित रहने की औसत अवधि 14 से 16 महीने रहती है।
यह शोध 'अपफ्रंट गामा नाइफ विद कन्कमिटेंट बेवासिजुमैब-ए गेमचेंजर इन ग्लियोब्लास्टोमा मैनेजमेंट' शीर्षक से इंटरडिसिप्लिनरी न्यूरोसर्जरी : एडवांस्ड टेक्नीक्स एंड केस मैनेजमेंट शोध पत्रिका के नवंबर अंक में प्रकाशित हुआ है। शोध करने वालों में डॉ. महनाज सुल्ताना अजीम, डॉ. सतीश कुमार वर्मा और डॉ. शैलेश गायकवाड़ भी शामिल हैं। शोधकर्ता अब इस बात का अध्ययन कर रहे हैं कि सर्जरी से पहले उपचार शुरू करने का यह तरीका मरीजों के लिए कितना प्रभावी और सुरक्षित साबित हो सकता है।
