समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर पहुंचे, जहां उनके स्वागत में कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह तैयारियां कीं। गोरखपुर में अखिलेश यादव के स्वागत के लिए एक बुलडोजर भी खड़ा किया गया, जिस पर सपा प्रमुख का पोस्टर लगाया गया है। कूड़ाघाट तिराहे पर उनके स्वागत में दो क्रेन लगाई गई हैं। कार्यकर्ता फूल-मालाओं से अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। स्वागत में महिलाएं भी शामिल हैं और एम्स के पास कार्यकर्ता उनका इंतजार कर रहे हैं। चौरीचौरा में सभा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और उन्होंने बाइक रैली निकाली है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव दोपहर 12 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से करीब 20 किलोमीटर का रोड शो शुरू होगा। इसकी अवधि दो घंटे से अधिक रखी गई है। एयरपोर्ट से देवकही तक पीडीए रथ पर उनका रोड शो होगा। चौरीचौरा के देवकही में कार्यक्रम के बाद वह पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के आवास तिवारी हाता जाएंगे। कार्यक्रम के मुताबिक वह दोपहर 3.30 बजे देवकही से रवाना होंगे और 3.45 बजे धर्मशाला स्थित तिवारी हाता पहुंचेंगे। यहां करीब आधे घंटे रुकने के बाद 4.15 बजे एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 4.45 बजे विमान से लखनऊ रवाना होंगे।
देवकही गांव में अखिलेश यादव 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद पूर्व छात्रनेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
बता दें कि विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी गोरखपुर के रास्ते पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है। पहले जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को बुलाने की तैयारी थी, अब पूर्वी उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बुलाए गए हैं। पार्टी ने एक लाख से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी का लक्ष्य रखा है। यह आयोजन सपा की चुनावी ताकत और संगठन की सक्रियता परखने का बड़ा मौका होगा।
