राहुल गांधी के पंजाब दौरे के बाद अब कांग्रेस प्रियंका गांधी को राज्य में लाने की तैयारी में जुट गई है। सूत्रों के अनुसार, प्रियंका गांधी 26 या 27 नवंबर को पंजाब दौरे पर आ सकती हैं। अगले एक-दो दिन में उनके दौरे का कार्यक्रम तय हो सकता है। रैली के स्थान को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी में विचार-विमर्श जारी है। गुरदासपुर में रैली कराने की कोशिश की जा रही है, जबकि एक-दो अन्य शहरों पर भी विचार हो रहा है।

कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपनी प्रचार मुहिम तेज कर रही है। पार्टी का प्रचार चार नवंबर को राहुल गांधी के संगरूर दौरे के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद कांग्रेस ने ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ मुहिम और ‘जवानी संभाल जट्टा’ साइकिल रैली शुरू की। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि प्रियंका की रैली राहुल की रैली से भी बड़ी होगी। बता दें कि चार नवंबर की राहुल गांधी की रैली में एक लाख से अधिक लोग जुटे थे।

पंजाब में आम आदमी पार्टी, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल भी चुनावी रैलियां शुरू कर चुके हैं। अब तक केवल आम आदमी पार्टी ने 71 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, लेकिन सभी दल प्रचार में सक्रिय हो गए हैं। कांग्रेस के लिए प्रियंका और राहुल गांधी प्रमुख प्रचारक हैं।

कांग्रेस ने प्रचार कार्यक्रम शुरू कर दिए हैं। 11 नवंबर को प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने चंडीगढ़ से ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ मुहिम शुरू की, जिसके तहत वरिष्ठ नेता राज्य के सभी वर्गों के लोगों से पार्टी के घोषणापत्र पर राय लेंगे। अब तक दो-तीन शहरों में कार्यक्रम हुए हैं। 12 नवंबर को प्रचार समिति के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में ‘जवानी संभाल जट्टा’ साइकिल रैली शुरू हुई, जिसका समापन 19 नवंबर को खन्ना में होगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी गुरुवार को लुधियाना में ‘इंसाफ मार्च’ शुरू करने की घोषणा करेंगे। कांग्रेस नेताओं के अलग-अलग कैंपेन को लेकर पार्टी में एकजुटता पर सवाल भी उठ रहे हैं।