वर्ष 1978 में मीरजापुर जिले के अहरौरा में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की एक जनसभा हुई थी। इसके बाद स्थानीय व्यवसायी श्रीनाथ गुप्ता के परिवार ने उन्हें 53 किलो सिक्कों से तौला था।
अहरौरा के टिकरा खड़ंजा स्थित एक राइस मिल पर आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद इंदिरा गांधी व्यवसायी श्रीनाथ गुप्ता के घर पहुंची थीं। वहां उनका वजन 53 किलो सिक्कों से किया गया और सिक्कों का थैला उन्हें भेंट किया गया। भोजन के बाद वे सोनभद्र के लिए रवाना हो गई थीं।
यह दौरा 1977 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद हुआ था। उस चुनाव में देश में पहली बार गैर-कांग्रेसी सरकार बनी थी और मोरारजी देसाई प्रधानमंत्री बने थे। इंदिरा गांधी ने इस हार के बाद सत्ता में वापसी की तैयारी शुरू की थी, और 1978 का यह दौरा उसी तैयारी को मजबूत करने के लिए बताया जाता है।
अहरौरा के समाजसेवी कंदर्प आनंद के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री की यादें आज भी उनके घर में संजोकर रखी गई हैं। उन्होंने बताया कि उस समय इंदिरा गांधी का वजन 53 किलो था।
