सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लेख में कहा है कि कई लोगों को लगता है कि वोट चोरी के खुलासे के बाद भाजपा को यूपी विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा, लेकिन वह इस बात से सहमत नहीं हैं। उन्होंने लिखा कि रामजन्मभूमि आंदोलन और अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराए जाने की घटना ने 2014 में भाजपा को सत्ता में पहुंचाया और तब से वह सत्ता में है।

काटजू ने आगे लिखा कि हाल ही में यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मथुरा में शाही ईदगाह मस्जिद को लेकर विवाद खड़ा हुआ है और उन्हें हैरानी नहीं होगी अगर जल्द ही कृष्णजन्मभूमि आंदोलन शुरू हो जाए। उनके मुताबिक, इसका नतीजा यूपी चुनाव से ठीक पहले मस्जिद को गिराया जाना हो सकता है और यह आरोप लगाया जा सकता है कि इसे हिंदू केशवदेव मंदिर को तोड़कर बनाया गया था। उन्होंने बताया कि कुछ हिंदुओं की याचिका पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मथुरा मस्जिद का सर्वे और खुदाई का आदेश दिया है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने भी सही ठहराया है। उन्होंने यह भी लिखा कि आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) ने कहा है कि मुगल बादशाह औरंगजेब ने उस जगह पर बने एक हिंदू मंदिर को गिराकर वहां मस्जिद बनवाई थी।

पूर्व जज ने कहा कि यूपी की लगभग 80 फीसदी आबादी हिंदू है और उनमें से कई शाही ईदगाह मस्जिद गिराए जाने का जश्न मनाएंगे और इसे हिंदुओं की बड़ी जीत मानेंगे। उन्होंने कहा कि लोग इसे गुजरात में महमूद गजनवी द्वारा सोमनाथ मंदिर और दूसरे हिंदू मंदिरों को गिराए जाने का बदला मानेंगे और आने वाले यूपी चुनावों में भाजपा को वोट देंगे। काटजू ने लिखा कि वोट चोरी की बातों, बढ़ती बेरोजगारी और जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों के बावजूद उन्हें इस भावनात्मक माहौल में यूपी चुनावों में भाजपा की भारी जीत दिख रही है।

काटजू ने अपने लेख में यह भी दावा किया कि भारत के 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों में ज्यादातर आबादी हिंदू है और किसी न किसी राज्य में चुनाव होते रहते हैं या उनकी तैयारियां चल रही होती हैं, ऐसे में चुनाव जीतने का फॉर्मूला ढूंढ लिया गया है और हो सकता है कि हर जगह यह लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2029 में होने वाले हैं और उन्हें हैरानी नहीं होगी अगर ठीक उससे पहले दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद को गिरा दिया जाए। उन्होंने लिखा कि यह मांग भाजपा के पूर्व सांसद साक्षी महराज कर चुके हैं।