ब्राज़ील के अमेज़न जंगलों में बाकी दुनिया से अलग-थलग रहने वाले आवा आदिवासियों का एक समूह सोमवार 16 नवंबर को मारान्याव इलाके के अरारिबोया आदिवासी क्षेत्र में बने एक सुरक्षा शिविर में पहुंचा है। यह शिविर ब्राज़ील के राष्ट्रीय आदिवासी संस्थान फ़ुनाई का है। अब तक जंगल में अलग-थलग रहने वाले ये आवा आदिवासी तवारी गांव के गुआजाजारा यानी टेनेटेहार समुदाय के संपर्क में आए हैं। आदिवासियों के अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था सर्वाइवल के मुताबिक़, गुआजाजारा समुदाय के लोगों ने आवा आदिवासियों को खाने के लिए कंद दिए।
सर्वाइवल ब्राज़ील की निदेशक सारा शेंकर इस ख़बर को चिंता की बात मानती हैं। वह कहती हैं कि यह ऐसा संकेत है, जो चिंता बढ़ाता है और ऐसी स्थिति नहीं देखनी चाहिए। शेंकर के मुताबिक़, आज जंगल में अलग-थलग रहने वाले आवा आदिवासी उन लोगों में शामिल हैं, जो कई दशकों तक अपने समुदाय के ख़िलाफ़ हुई हत्याओं और जनसंहार से बचते आए हैं। उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी और जिन जंगलों में वे रहते हैं, उसमें सीधा रिश्ता है। ज़िंदा रहने के लिए वे पूरी तरह इसी जंगल पर निर्भर हैं।
इससे पहले अमाकारिया, जकारेविज और इराहोवा नाम के तीन आवा आदिवासियों को कई साल अलग-थलग रहने के बाद एक दूसरे आदिवासी समुदाय के पास पनाह लेनी पड़ी थी, जो बाहरी दुनिया के लोगों के संपर्क में था। शेंकर के मुताबिक़, जंगल में रहते हुए ही इन तीनों को सांस से जुड़ी बीमारियां, बुख़ार और टीबी हो गई थी और उनमें शिकार करने की ताक़त भी नहीं बची थी। इराहोवा ने ख़ुद सामने आकर बताया था कि वे बहुत डरे हुए थे और ऐसी जगह फंस गए थे, जहां से कहीं नहीं जा सकते थे। उनका बयान सर्वाइवल इंटरनेशनल की पिछले साल जारी रिपोर्ट में शामिल किया गया है।
शेंकर के मुताबिक़, अमाकारिया, जकारेविज और इराहोवा को अपना इलाक़ा छोड़ने की वजह ग्रेट कराजास परियोजना से जुड़ी है। इस परियोजना के तहत आवा आदिवासियों की ज़मीन के बीचों-बीच दुनिया के सबसे बड़े खनन परिसरों में से एक बनाया जाना था। इसकी शुरुआत 1980 के दशक में हुई थी। परियोजना के तहत दुनिया की सबसे बड़ी खुली लौह अयस्क खदान शुरू की जानी थी और खदान से लौह अयस्क बाहर ले जाने के लिए रेलवे लाइन बिछाने और जंगल से होकर सड़कों का जाल बनाने की भी योजना थी। शेंकर बताती हैं कि पेड़ कटने से जंगल में सूखे इलाक़े बन रहे हैं और आग लगने का ख़तरा बढ़ रहा है, जिसका असर आवा आदिवासियों के शिकार पर भी पड़ता है।
