भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे राजस्थान के श्रीगंगानगर में इन दिनों प्रदूषण लोगों की चिंता का विषय बना हुआ है। दिवाली के बाद कई मौकों पर अलग-अलग एयर क्वालिटी ट्रैकिंग वेबसाइटों के आंकड़ों में यह शहर दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल रहा है। एक्यूआई डॉट इन के मुताबिक़ 10 नवंबर को यहां का एक्यूआई 821 दर्ज किया गया था और वेबसाइट की सूची में शहर पहले स्थान पर था। 21 नवंबर को भी यह सूची में शीर्ष पर रहा, जब एक्यूआई 506 बताया गया।

शहर से लेकर सीमा पर बसे गांवों और खेतों तक धुएं की मोटी परत देखी गई। लोग आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में परेशानी की शिकायत कर रहे हैं। ज़िला अस्पताल में बच्चों के डॉक्टर सुरेंद्र के मुताबिक़ बीते कुछ दिनों में जुकाम, खांसी और रेस्पिरेटरी इलनेस के मामलों में दस से बारह प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं, फ़िजिशियन डॉ. अंकित लढ्ढा के अनुसार सांस लेने में तकलीफ़ वाले मरीजों की संख्या करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ी है, जिनमें बुजुर्गों की संख्या अधिक है।

राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इन आंकड़ों को वास्तविक स्थिति से कम मानता है। बोर्ड के सदस्य सचिव कपिल चन्द्रवाल के मुताबिक़ बोर्ड के मॉनिटरिंग स्टेशन से मिले आंकड़ों में दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर कम हुआ है। उन्होंने बताया कि दिवाली से पहले एक्यूआई 189, छह नवंबर को 213, दिवाली के दिन 236 और अगले दिन 350 दर्ज किया गया, जबकि 12 नवंबर को यह 198 रहा। वह यह भी मानते हैं कि श्रीगंगानगर में प्रदूषण मापने के लिए सिर्फ़ एक ही मॉनिटरिंग सिस्टम लगा है और संख्या बढ़ने पर बेहतर निगरानी संभव होगी।

स्थानीय लोगों और प्रशासन का मानना है कि पंजाब में खेतों में जलाई जा रही पराली का धुआं हवा के साथ इस इलाके में पहुंचता है। सीमा से सटे होने के कारण सीमापार खेतों में जलने वाली पराली के धुएं की आशंका भी जताई जाती है। स्थानीय निवासी पप्पू राम के मुताबिक़ प्रदूषण में पटाखों और पंजाब में जलाई जा रही पराली दोनों की भूमिका है।