तुर्की ने साइप्रस द्वारा भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल खरीदने की संभावित योजना पर संयुक्त राष्ट्र में चिंता जताई है। संयुक्त राष्ट्र में तुर्की के स्थायी प्रतिनिधि अहमद यिल्डिज का 2 नवंबर का पत्र सामने आया है, जिसमें तुर्की-साइप्रस पक्ष की शिकायत महासभा और सुरक्षा परिषद को भेजी गई है। पत्र में साइप्रस के सैन्य आधुनिकीकरण पर आपत्ति जताते हुए विशेष रूप से ब्रह्मोस का जिक्र किया गया है। हालांकि अभी तक किसी समझौते की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और पत्र में अनुबंध, मिसाइलों की संख्या या डिलीवरी शेड्यूल की जानकारी नहीं दी गई है।

पत्र में तर्क दिया गया है कि साइप्रस का सैन्य आधुनिकीकरण क्षेत्रीय सुरक्षा संतुलन को प्रभावित करेगा। तुर्की ने पूर्वी भूमध्य सागर में ब्रह्मोस मिसाइल की संभावित तैनाती पर चिंता जताई है और साइप्रस के भारत के साथ रक्षा सहयोग पर सवाल उठाया है। साइप्रस को मिलने वाली संभावित ब्रह्मोस मिसाइल की रेंज 600 किमी से ज्यादा बताई जाती है, और तुर्की को आशंका है कि यह उसकी राजधानी अंकारा और प्रमुख सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकती है।

तुर्की के पत्र में ग्रीस से साइप्रस को लेपर्ड बैटल टैंक भेजने की योजना और केंटावरोस मानवरहित हवाई वाहनों की खरीद की खबरों का भी जिक्र है। इसमें इजरायली टैंक खरीद के लिए तेल अवीव के साथ होने वाले आगामी समझौतों की आलोचना की गई है। पत्र में फ्रांस के साथ साइप्रस की साझेदारी पर गहरी चिंता जताई गई है और साइप्रस की धरती पर फ्रांसीसी हथियारों की तैनाती पर आपत्ति दर्ज की गई है। अंकारा ने पाफोस में एयर बेस अपग्रेड करने में अमेरिकी भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

ब्रह्मोस भारत और रूस की साझा सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है, जिसकी रफ्तार ध्वनि से तीन गुना (मैक 2.8 से 3) तक बताई जाती है। भारत की योजना 2028 तक 800 किमी रेंज वाली ब्रह्मोस मिसाइल शामिल करने की है। फिलीपींस ने ब्रह्मोस खरीदने की डील की है, जबकि वियतनाम, इंडोनेशिया और साइप्रस ने भी इसमें दिलचस्पी दिखाई है। उल्लेखनीय है कि साइप्रस और तुर्की के संबंध तनावपूर्ण रहे हैं और 1974 में द्वीप दो हिस्सों में बंट गया था। तुर्की का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त साइप्रस के साथ कोई राजनयिक संबंध नहीं है, जबकि द्वीप का उत्तरी हिस्सा तुर्की के नियंत्रण में है।