मॉस्को: यूक्रेन युद्ध से सीख लेते हुए रूस ने अपने Su-57 पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट में कई बदलाव किए हैं। सामने आए वीडियो फुटेज से पता चलता है कि इन विमानों के 101KS इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल (EO) सूट को एडवांस किया गया है। इन बदलावों से संकेत मिलता है कि रूस ने इन विमानों के लिए एक एडवांस इंटीग्रेटेड डिफेंस सिस्टम तैयार किया है, जिसका मकसद युद्ध के दौरान फाइटर जेट की तरफ बढ़ रही मिसाइलों को तेजी से पहचानना और उन्हें नाकाम करना है।
Su-57 बनाने वाली रूसी कंपनी यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन (UAC) ने विमान के 101KS-U मिसाइल अप्रोच वार्निंग सिस्टम (MAWS) को और एडवांस कर दिया है। पहले यह फाइटर जेट सिर्फ अल्ट्रावायलेट सेंसर का इस्तेमाल करता था, अब इसमें इन्फ्रारेड (IR) सेंसर चैनल भी जोड़ा गया है। इसके अलावा 101KS-O डायरेक्शनल इन्फ्रारेड काउंटरमेजर्स (DIRCM) में भी सुधार किए गए हैं। वीडियो में लेजर-आधारित सुरक्षा प्रणाली के सेंसर अपर्चर और कवरेज में बदलाव दिखाई दिए हैं, यानी विमान अब डायरेक्टेड लेजर ऊर्जा का इस्तेमाल करके दुश्मन की मिसाइल के सीकर को खराब कर सकेगा। फुटेज से यह भी पता चलता है कि विमान के धड़ के चारों तरफ लगे इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सेंसर का दायरा बढ़ाया गया है, जिससे पायलट को आसपास के पूरे क्षेत्र का लगभग गोलाकार और स्पष्ट दृश्य मिलता है।
यूक्रेन युद्ध में Su-57 को पश्चिमी देशों की मिसाइलों और एडवांस रडारों से मुकाबला करना पड़ा है। इसकी कमजोरी दूर करने और घने इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के बीच इसे और घातक बनाने के लिए लगातार बदलाव किए गए हैं। इसमें करीब 300 किलोमीटर रेंज वाली R-37 एयर टू एयर हाइपरसोनिक मिसाइल भी लगाई गई है। बता दें कि स्टील्थ क्षमता होने का मतलब यह नहीं है कि जेट आधुनिक मिसाइलों से पूरी तरह सुरक्षित है। एडवांस सेंसर और अत्याधुनिक इन्फ्रारेड-गाइडेड हथियारों के सामने स्टील्थ क्षमता कमजोर पड़ जाती है, इसीलिए विमानों को हर दिशा से आने वाले खतरे को पहचानने और खत्म करने के लिहाज से बनाया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस अगले साल की शुरुआत में दो सीटों वाला Su-57 लड़ाकू विमान भारत भेज सकता है। भारतीय वायुसेना दो सीटों वाले विमान को पसंद करती है। इससे पहले बेंगलुरु में 'एरो इंडिया 2025' में भी Su-57 ने हिस्सा लिया था, और अब 'एरो इंडिया 2027' के लिए इसके ट्विन सीटर वैरिएंट Su-57D को भेजने पर रूस विचार कर रहा है। रूस भारत को Su-57 बेचने का ऑफर बार-बार दे रहा है और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर तथा स्थानीय उत्पादन के लिए भी तैयार है। प्रस्ताव में करीब दो दर्जन Su-57E विमानों का फौरन ट्रांसफर और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) की फैसिलिटी में 100 की संख्या तक Su-57D विमानों का स्थानीय उत्पादन शामिल है। रूस ने कहा है कि वह भारत के साथ सोर्स कोड शेयर करने को तैयार है और भारत अपनी मर्जी के हिसाब से इस विमान में स्वदेशी मिसाइलों का इंटीग्रेशन कर सकता है।
