अंबाला के शक्तिनगर में 18 वर्षीय अनस की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों ने उसके दोस्तों पर नशे की ओवरडोज देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
महेशनगर थाना क्षेत्र के शक्तिनगर में रहने वाले अनस (18) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उसके दोस्तों ने उसे नशे की ओवरडोज दी, जिससे उसकी जान गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
युवक के फूफा के मुताबिक अनस पटना में काम करता था। कुछ समय पहले उसके दादा की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह मंगलवार को पटना से अंबाला लौटा था। देर शाम वह अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से बाहर गया था। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद उसके दोस्त उसे रिक्शा में बैठाकर घर ले आए। उस समय उसकी हालत गंभीर थी।
परिजनों का आरोप है कि जब दोस्त उसे घर लेकर पहुंचे, तब उसकी हालत बेहद नाजुक थी और उसके मुंह से खून आ रहा था। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले कुछ युवकों पर आरोप लगाया है। अस्पताल से महेशनगर थाने में रुक्का भेजा गया, जिसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थाना प्रभारी वीरेंद्र वालिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
