पटना के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में बुधवार को भारी भीड़ उमड़ी। शादी समारोह के भोज में व्यवस्था संभालना व्यवस्थापकों के लिए मुश्किल हो गया। खाने की प्लेट लेने के लिए लंबी कतारें लग गईं और लोग पंडाल के पीछे से भी खाना लेने की कोशिश करते दिखे।
भोजन काउंटर के पास मौजूद व्यवस्थापकों ने कई प्लेटें (पत्तल) एक साथ हवा में उछालकर दूर तक पहुंचाने की कोशिश की। इसे देखकर लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। कई लोगों को खाने की प्लेट नहीं मिल पा रही थी।
अनंत सिंह के घर और गांव में बुधवार को रैली जैसा नजारा देखने को मिला। शादी से पहले घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, लेकिन भीड़ के कारण यह प्रतियोगिता अब कल समाप्त होगी। शादी में चार लाख से अधिक मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद जताई गई थी, और शाम में अचानक भीड़ बढ़ने से व्यवस्थापकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन तैयार किए गए थे।
देर शाम भीड़ के बीच अनंत सिंह खुद पहुंचे और गमछा हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया। भीड़ में उत्साह के बीच अनंत सिंह की बेटी की शादी में जयमाल की रस्म संपन्न हुई।
