न्यूजीलैंड के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को 13 सदस्यीय टीम का एलान किया। पैट कमिंस टीम की कप्तानी करेंगे। चयनकर्ताओं ने ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरे सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज नाथन लॉयन और मार्नस लाबुशेन को टीम से बाहर कर दिया है। टीम में एक और खिलाड़ी को शेफिल्ड शील्ड के छठे राउंड के बाद जोड़ा जाएगा।

न्यूजीलैंड सीरीज के लिए जैक क्लेटन और कोरी रिचोचियोली को पहली बार टेस्ट स्क्वाड में जगह मिली है। माइकल नेसर की टीम में वापसी हुई है, जो साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं थे। ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर और कूपर कोनोली साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में खेले थे, लेकिन आगामी सीरीज के लिए दोनों को बाहर कर दिया गया है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली ने कहा कि नाथन लॉयन पिछले कुछ समय से उस तरह का प्रभाव नहीं डाल पाए हैं, जिस तरह की उम्मीद थी। उन्होंने यह भी कहा कि लॉयन का रिकॉर्ड असाधारण रहा है और भविष्य की योजनाओं के लिए उनका अनुभव, ज्ञान और कौशल अब भी उपयोगी साबित हो सकते हैं। लॉयन की गैरमौजूदगी में कोरी रिचोचियोली मुख्य स्पिनर की भूमिका में दिख सकते हैं, जिन्होंने अब तक 59 फर्स्ट क्लास मैचों में 205 विकेट चटकाए हैं।

टीम इस प्रकार है: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जैक क्लेटन, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, माइकल नेसर, मैट रेनशॉ, कोरी रिचोचियोली, स्टीव स्मिथ और मिचेल स्टार्क। सीरीज का पहला टेस्ट 9 से 13 दिसंबर तक पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा।