क्राइस्टचर्च में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया को पहली सफलता दूसरे ही ओवर में मिल गई। अंशुल कंबोज ने अपनी दूसरी गेंद पर ग्लेन फिलिप्स को आउट किया। ऑफ स्टंप के बाहर स्विंग होती गेंद को फिलिप्स ने डिफेंस करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों में चली गई। फिलिप्स ने 36 रनों की पारी खेली और छठे बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे।

मैच के पहले दिन भारतीय टीम ने 5 विकेट चटकाए थे। ब्लंडेल के साथ मिलकर फिलिप्स ने 63 रनों की साझेदारी की थी। 25 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज का मैच में यह दूसरा विकेट था। उन्होंने पहले दिन तीसरे नंबर पर उतरे हेनरी निकोल्स का विकेट लिया था। इस पारी में उन्होंने जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद से भारत के लिए गेंदबाजी की है।

ग्लेन फिलिप्स का बल्ला भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर लगातार चल रहा है। पहले टेस्ट में शतक लगाने से पहले उन्होंने टी20 सीरीज में भी शतक ठोका था। 5 मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने 341 रन बनाए थे और इस दौरान वह सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे। उनका औसत 113.67 जबकि स्ट्राइक रेट 185 का रहा।

पहले टेस्ट में फिलिप्स ने पहली पारी में शतक लगाया था, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 121 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 26 रन बनाकर मैच को ड्रॉ करवाने में मदद की थी।