भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग स्टेज में मुंबई की ओर से खेलते नजर आएंगे। सुपर लीग के मुकाबले 30 नवंबर से नागपुर में शुरू होंगे। ग्रुप डी में सात में से छह मैच जीतकर मुंबई ने अंक तालिका में पहले स्थान के साथ सुपर लीग में जगह बनाई है। इसी ग्रुप से विदर्भ भी क्वालिफाई कर चुका है।
अय्यर के टीम में शामिल होने के बाद भी मुंबई की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के पास ही रहेगी। अय्यर न्यूजीलैंड दौरे के व्हाइट-बॉल मुकाबलों के बाद पहली बार मैदान पर उतरेंगे। उनकी कप्तानी में भारत ने टी20 सीरीज जीती थी और शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में उन्होंने आखिरी दो वनडे में भी टीम की कप्तानी की थी, जहां भारत ने आखिरी मैच जीतकर सीरीज अपने नाम की।
अय्यर के आने से मुंबई की बल्लेबाजी और मजबूत होगी। टीम में अंगकृष रघुवंशी, मुशीर खान, सरफराज खान, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाज पहले से मौजूद हैं। अय्यर पिछले कुछ दिनों से सीसीआई में अभ्यास कर रहे थे और रविवार को बाकी टीम के साथ नागपुर के लिए रवाना होंगे। टूर्नामेंट में मुंबई को अभी तक एक भी हार नहीं मिली है।
सुपर लीग के ग्रुप बी में मुंबई के साथ आंध्रा, पंजाब और राजस्थान हैं। मुंबई अपना पहला मैच 30 नवंबर को आंध्रा के खिलाफ खेलेगी, इसके बाद 2 दिसंबर को पंजाब और 4 दिसंबर को राजस्थान से भिड़ेगी। दूसरे ग्रुप में दिल्ली, केरल, बड़ौदा और विदर्भ की टीमें हैं। दोनों ग्रुप की टॉप टीमों के बीच 6 दिसंबर को फाइनल खेला जाएगा।
