बांग्लादेश में शेख हसीना की वापसी की खबरों के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। शुक्रवार को कालिया नगरपालिया में हिंसा हुई, जहां करीब 50 घर जल गए। बीएनपी के दो कार्यकर्ताओं की मौत के बाद यह हिंसा भड़की। इस बीच खबर है कि हसीना की वापसी का रास्ता तलाशने के लिए आवामी लीग के चार सीनियर नेता जल्द पेट्रापोल बॉर्डर जा सकते हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आवामी लीग के ये नेता रविवार सुबह 9 बजे कोलकाता के लिए निकलेंगे और अगले दो से तीन दिन में त्रिपुरा के अगरतला बॉर्डर पर जाएंगे। पार्टी के लोग एक से ज्यादा रास्तों की तलाश में हैं। हालांकि यह नहीं बताया गया है कि शेख हसीना कब बांग्लादेश लौट सकती हैं। भारत आने वाले नेताओं में जहांगीर कबीर नानक, मुजफ्फल हुसैन चौधरी माया, पार्टी के संयुक्त महासचिव एएफएम बहाउद्दीन नसीम और पूर्व सांसद अलाउद्दीन अहमद चौधरी नासिम शामिल हैं। ये सभी शेख हसीना के करीबी माने जाते हैं।

बता दें कि बांग्लादेश में सरकार विरोधी हिंसा और तख्तापलट के बाद शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को भारत आई थीं। इसके बाद देश की कमान अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस को दी गई। फरवरी में बांग्लादेश में आम चुनाव हुए, जिनमें बीएनपी की जीत हुई और तारिक रहमान प्रधानमंत्री बने। शेख हसीना ने वापसी का ऐलान किया तो बांग्लादेश में बवाल शुरू हो गया। बीएनपी सरकार ने हसीना की वापसी के लिए दस्तावेज देने से इनकार कर दिया है और कहा है कि उन्हें कानून का पालन करना होगा।

शेख हसीना की वापसी पर गिरफ्तारी का भी खतरा है। एक ट्राइब्यूनल ने प्रदर्शनों के दौरान हत्या का आदेश देने और लोगों को उकसाने के आरोप में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी, जबकि जमीन घोटाले के आरोप में 21 साल कैद की सजा दी गई है।