सपा नेता आजम खां का रिहाई परवाना डासना जिला कारागार पहुंच गया है। इसके बाद वे आज ही जेल से बाहर आ जाएंगे। मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय मामले में मनी लांड्रिंग के आरोप में वे जेल में बंद हैं।

आजम खां एक नवंबर से न्यायिक हिरासत में डासना जेल में बंद हैं। आज उनके अधिवक्ताओं ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अंतरिम जमानत आदेश को कोर्ट में दाखिल कर दिया।

इसके बाद 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और इतनी ही धनराशि का व्यक्तिगत बंधपत्र दाखिल किया गया। जमानत दाखिल होने के बाद कोर्ट ने आजम खां का रिहाई परवाना जारी कर दिया।

रिहाई परवाना डासना जेल पहुंचने के बाद करीब एक घंटे में उनके जेल से बाहर आने की संभावना है। मनी लांड्रिंग मामले में उन्हें अंतरिम जमानत पर रिहाई मिल रही है।