बलिया में मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। दिन में तेज धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड के कारण मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में सर्दी-जुकाम, खांसी, वायरल फीवर और गले में संक्रमण की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पतालों में पर्चा काउंटर से लेकर चिकित्सकों के कक्ष और दवा वितरण केंद्रों तक भीड़ देखी जा रही है।

जिला अस्पताल पर पूरे जनपद का भार रहता है, जहां सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक पर्चा काउंटर पर मरीज लाइन में लगे रहे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मौसम में बदलाव के कारण जिला अस्पताल में पहले की तुलना में सर्दी-खांसी वाले मरीजों की संख्या 30 प्रतिशत बढ़ी है। एक सप्ताह पहले ओपीडी में लगभग 1500 मरीज देखे जाते थे, अब यह संख्या 2000 तक पहुंच रही है।

सहतवार से उपचार के लिए आईं महिला लीलावती देवी ने बताया कि सांस लेने में परेशानी होने पर वह चिकित्सकों को दिखाने आई हैं, लेकिन ओपीडी में चिकित्सक देर से बैठ रहे हैं। शहर के आनंद नगर निवासी अजय सिंह भी ओपीडी में चिकित्सक को दिखाने के लिए लाइन में खड़े थे। उन्होंने बताया कि छठ के दिन से वह सर्दी-खांसी की चपेट में आ गए हैं। अन्य मरीजों की भी ऐसी ही स्थिति थी।

चिकित्सकों के अनुसार बदलते मौसम में खान-पान और रहन-सहन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। सुबह और शाम घर से बाहर निकलते समय हल्के गर्म कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों को ठंडी हवा से बचाकर रखें। साफ-सफाई का ध्यान रखते हुए ताजा व पौष्टिक भोजन करें, पर्याप्त पानी पिएं और मौसमी फल व हरी सब्जियां खाएं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और खांसते या छींकते समय मुंह व नाक को ढकें। सर्दी-जुकाम, बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर लापरवाही न बरतें और खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें।