बांदा जिले के नरैनी तहसील के भसरौड़ और पैलानी तहसील के सिंधनकला गांव में दो नए मुख्यमंत्री कंपोजिट मॉडल स्कूल बनाए जाएंगे। दोनों स्कूलों पर कुल 50 करोड़ छह लाख 65 हजार रुपये खर्च होंगे। इनके लिए सितंबर में 21 करोड़ 24 लाख 18 हजार रुपये जारी किए जा चुके हैं। टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हो सका है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

भसरौड़ में बनने वाले स्कूल की लागत 25 करोड़ 27 लाख 63 हजार रुपये तय की गई है। इसके लिए सितंबर में आठ करोड़ 84 लाख 67 हजार रुपये जारी किए गए हैं, जो कुल लागत का 35 प्रतिशत है। सिंधनकला में बनने वाले स्कूल पर 24 करोड़ 79 लाख दो हजार रुपये खर्च होंगे। इसके लिए 12 करोड़ 39 लाख 51 हजार रुपये जारी किए जा चुके हैं, जो स्वीकृत बजट का 50 प्रतिशत है।

दोनों स्कूलों में बालवाटिका यानी प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक पढ़ाई की सुविधा एक ही परिसर में मिलेगी। प्रत्येक स्कूल में 1500 छात्र-छात्राओं के पढ़ने की व्यवस्था होगी। इस तरह दोनों स्कूलों में कुल तीन हजार बच्चे शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। यहां लड़के और लड़कियों, दोनों के लिए पढ़ाई की व्यवस्था रहेगी। अभी जिले में इस तरह का कोई मुख्यमंत्री कंपोजिट मॉडल स्कूल नहीं है।

भसरौड़ में स्कूल बनाने की जिम्मेदारी सीएनडीएस और सिंधनकला में निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) को दी गई है। विभाग की ओर से दोनों स्कूलों का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। बीएसए ने टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी पर कार्यदायी संस्थाओं को जल्द काम पूरा करने की चेतावनी दी है। इन स्कूलों के बनने से आसपास के गांवों के बच्चों को छोटी कक्षाओं से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

डीएम बांदा अमित आसेरी के अनुसार, दोनों कार्यदायी संस्थाओं को समय से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे बच्चों को इन विद्यालयों का लाभ मिल सके। परियोजना प्रबंधक, सीएनडीएस रंजीत कुमार ने बताया कि बजट मिल गया है और टेंडर प्रक्रिया चल रही है। नवंबर माह के अंदर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और दिसंबर से विद्यालयों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।