बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे ग्राम कठार में मंगलवार शाम एक तेंदुए ने रहवासी इलाके में घुसकर एक घर के भीतर लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में सात ग्रामीण घायल हुए हैं, जिनमें एक छह-सात साल की बच्ची भी शामिल है। बच्ची के चेहरे पर तेंदुए ने गंभीर चोटें पहुंचाई हैं। घायलों में बैगा समाज के पांच लोगों के अलावा पटेल और केवट समुदाय के व्यक्ति भी हैं।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम तेंदुआ जंगल से निकलकर गांव के रहवासी क्षेत्र में पहुंचा और एक घर में घुस गया, जहां उसने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। घायलों में दीपमणि पटेल, क्रांति बैगा, हीरामणि बैगा, राखी बैगा, पुरुषोत्तम बैगा, सत्यराम बैगा और विकास केवट शामिल हैं। सभी घायलों की मौजूदा स्थिति और उन्हें किस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

मंगलवार शाम हुई इस घटना की जानकारी बुधवार रात सामने आई। भाजपा जिला महामंत्री हरीश विश्वकर्मा ने मामले को सार्वजनिक किया। सरपंच परिवार के बृज बिहारी पटेल ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तेंदुए के हमले में सात ग्रामीण घायल हुए हैं। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

घटना के बाद वन विभाग की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। भाजपा जिला महामंत्री हरीश विश्वकर्मा का आरोप है कि इतने गंभीर हमले के बावजूद वन विभाग का कोई कर्मचारी घायलों का हाल जानने या स्थिति का जायजा लेने गांव नहीं पहुंचा। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है, इसलिए ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। ग्रामीण इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।