वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति की 22वीं बैठक में सेवायत सदस्यों ने भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए नए मंदिर की स्थापना की मांग उठाई। सेवायतों ने कहा कि 50 एकड़ भूमि पर नया मंदिर बनाया जाए और वहां गलियारा भी स्थापित किया जाए, ताकि मंदिर के आसपास के प्राचीन मंदिरों और कुंजगलियों का अस्तित्व बना रहे और कई पीढ़ियों से रह रहे लोग विस्थापित न हों। समिति अध्यक्ष अशोक कुमार ने इस मांग को अपने कार्यक्षेत्र से बाहर बताया और कहा कि इस पर निर्णय सुप्रीम कोर्ट ही ले सकता है। सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने सवाल उठाया कि जब गलियारा निर्माण में प्रभावितों को फ्लैट आवंटन और भूमि अधिग्रहण समिति के कार्यक्षेत्र में आ सकता है, तो नए मंदिर की मांग को बाहर कैसे माना जा रहा है।
बैठक में मंदिर पर देय आयकर पर भी चर्चा हुई। मंदिर के सीए कुलदीप अरोड़ा के सुझाव के अनुसार मंदिर कोष में ठाकुरजी के नाम जमा धनराशि पर प्रतिवर्ष लगभग 27 करोड़ रुपये ब्याज आता है, जिसका तीस फीसदी हिस्सा मंदिर पर खर्च किया जाना चाहिए था, लेकिन वर्ष 2022 से अब तक ऐसा नहीं हुआ। टैक्स बचाने के लिए मंदिर को 31 मार्च 2027 तक आठ करोड़ रुपये ठाकुरजी से संबंधित और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर खर्च करने होंगे। चूंकि बैठक में समिति सचिव डीएम सीपी सिंह मौजूद नहीं थे, इस विषय को अगली बैठक 16 दिसंबर के लिए प्रस्तावित रखा गया, जिसमें चार्टर्ड एकाउंटेंट भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में तय किया गया कि सेवायतों के यजमान नियत संख्या में वीआईपी दर्शन कर सकें, इसके लिए तीन दिन में रूपरेखा तैयार की जाएगी और व्यवस्था का संचालन मोहनबाग से होगा। विहार पंचमी पर मंदिर कोष से आठ लाख रुपये खर्च करने और आयोजन को भव्य बनाने के लिए चारों सेवायत सदस्यों की समिति बनाने का निर्णय लिया गया। शोभायात्रा में फिल्मी गानों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और नियम तोड़ने पर कठोर कार्रवाई के साथ अर्थदंड भी लगाया जा सकता है। राधाकुंड में बिहारीजी के मंदिर का 31 दिसंबर को ठेका खत्म हो रहा है, जिसके लिए 10 दिसंबर तक प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय हुआ। गोस्वामी सदस्यों द्वारा सात सितंबर को दिए गए पत्र पर चर्चा इस बैठक में नहीं हो सकी, अगली बैठक में इस पर चर्चा होगी।
बैठक में सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने मंदिर के सुरक्षागार्डों द्वारा महिलाओं से छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई और मंदिर के आसपास गंदगी तथा प्रकाश व्यवस्था पर सवाल उठाए। कालीदह निवासी संत प्रियाशरण ने समिति पदाधिकारियों से मिलकर शिकायत की कि शरद पूर्णिमा पर दर्शन के दौरान सुरक्षागार्ड ने उनके साथ हाथापाई और अभद्रता की। समिति पदाधिकारियों ने मामले की जांच कराने का भरोसा दिया। बैठक में सेवानिवृत्त जिला जज मुकेश मिश्र, जिला जज विकास कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा, एसपी ट्रैफिक राजेश तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र, एसीएम राजकुमार चौधरी, सेवायत सदस्य रजत गोस्वामी, शैलेंद्रनाथ गोस्वामी, हिमांशु गोस्वामी, प्रतिनिधि आभाष गोस्वामी, प्रबंधक मुनीश शर्मा और उमेश सारस्वत मौजूद रहे।
