बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के रामनगर में खाद्य विभाग का फर्जी अधिकारी बनकर मिठाई दुकानदार से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, चार लोगों ने खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताकर दुकानदार को कार्रवाई का डर दिखाया और 10 हजार रुपये की मांग की। आरोपियों ने दुकानदार से दो हजार रुपये वसूल भी कर लिए, लेकिन दुकानदार की सतर्कता से चारों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, रामनगर स्थित ओमप्रकाश स्वीट के संचालक अजय कुमार गुप्ता की दुकान पर चार लोग सफेद रंग की अर्टिगा कार से पहुंचे थे। कार का नंबर UP25DY2856 था, जिस पर आगे और पीछे अंग्रेजी में PCS लिखा हुआ था और हूटर भी लगा था। आरोपियों ने खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताते हुए दुकान से मिठाई के नमूने लेने की बात कही। उन्होंने मिलावटी मिठाई बेचने की शिकायत मिलने का हवाला देकर दुकानदार को कार्रवाई का डर दिखाया और 10 हजार रुपये की मांग की।
इसी दौरान आरोपियों ने दुकानदार को फोन पर मिस्ड कॉल दी। दुकानदार ने जब उस नंबर को ट्रूकॉलर पर चेक किया तो उस पर पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति की फोटो दिखाई दी। इससे दुकानदार को आरोपियों की गतिविधियों पर शक हो गया। उसने सूझबूझ दिखाते हुए राहगीरों की मदद ली और चारों आरोपियों को मौके पर ही रोक लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजीव उपाध्याय निवासी सर्वोदय नगर बरेली, मुकेश यादव निवासी भमौरा, सुनीत कुमार उपाध्याय और रजनेश निवासी सुभाषनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी राजीव उपाध्याय पूर्व में तहसीलदार रह चुका है और उसकी तैनाती आंवला में भी रही थी। दुकानदार ने चारों आरोपियों को रामनगर पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
