पश्चिम बंगाल में एक महिला टीचर से स्कूल में भगवा साड़ी पहनने को लेकर कथित तौर पर पूछताछ किए जाने का मामला सामने आया है। इस पर राज्य सरकार ने कहा है कि पूरे मामले की जांच होगी और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने बताया कि कोलकाता के एक प्रतिष्ठित ईसाई मिशनरी स्कूल से जुड़े इस मामले की जांच करवाई जाएगी।
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया था कि भगवा साड़ी पहनने पर एक स्कूल की टीचर से उसके सहकर्मी ने सवाल-जवाब किए और यह भी कहा कि स्कूल परिसर में भगवा साड़ी पहनना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने ईसाई मिशनरी संस्थानों में धर्मांतरण का भी आरोप लगाया और कहा कि भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले स्कूल को देश में चलने नहीं दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अगर आरोप सही मिलते हैं और किसी ने लिखित शिकायत दी है तो जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल इस मामले में शामिल पाया जाता है तो उसका एनओसी रद्द कर दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री बर्मन ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के दौरे के सिलसिले में दफ्तर से बाहर हैं और मामले को अगले दिन देखेंगे। उन्होंने दावा किया कि राज्य के कुछ हिस्सों में धर्मांतरण की गतिविधियां तेज हुई हैं, लेकिन यह भी कहा कि भाजपा को ईसाइयों के अपने धर्म का पालन करने पर कोई आपत्ति नहीं है।
इस बीच, पश्चिम बंगाल एसोसिएशन ऑफ क्रिश्चियन स्कूल के एक प्रतिनिधि का कहना है कि उनके स्कूलों में किसी भी कर्मचारी के पहनावे पर किसी तरह की पाबंदी नहीं है और एक आरोप के आधार पर सभी स्कूलों के बारे में एक जैसी राय नहीं बनाई जानी चाहिए।
