बेतिया जिले के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड शोरूम में दिनदहाड़े हथियार के दम पर करोड़ों रुपये के आभूषणों की लूट की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक 8 से 9 अपराधी बाइक से आए और शोरूम में घुस गए। कर्मचारियों से मारपीट करने के बाद वे बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने शोरूम के पहली और दूसरी मंजिल पर करीब 20 मिनट तक लूटपाट की। शोरूम स्टाफ के अनुसार लुटेरों ने दो कर्मचारियों का सिर फोड़ दिया और कुछ कर्मचारियों को बंदूक की बट से घायल कर दिया। यह भी पता चला है कि लुटेरे गहनों के अलावा नकदी भी लेकर फरार हुए।
इस लूट की रकम 10 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने बेतिया पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस प्रशासन अपराधियों की तलाश में जुट गया है। एसपी कुमार गौतम और डीआईजी हरकिशोर राय प्रतिष्ठान पहुंचकर जांच कर रहे हैं। अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है और सभी संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है।
