भागलपुर नगर निगम की स्ट्रीट लाइट योजना तय लक्ष्य से काफी पीछे है। शहरी क्षेत्र में 5,000 नई स्ट्रीट लाइट लगाने की जिम्मेदारी चयनित एजेंसी को दी गई थी, लेकिन अब तक केवल 1,200 लाइटें ही लग पाई हैं। निगम प्रशासन ने त्योहारों से पहले पूरे शहर को रोशन करने का दावा किया था और पार्षदों को भरोसा दिलाया था कि सभी वार्डों में समान रूप से लाइटें लगाई जाएंगी।
एजेंसी ने पहले चरण में सिर्फ 1,200 लाइटों की आपूर्ति की। सीमित आपूर्ति के कारण शहर के 15 से अधिक वार्डों में अब तक एक भी नई लाइट नहीं पहुंच सकी है। कुछ इलाकों में 15 तो कहीं 20 लाइट लगाकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है। कई वार्डों में पहले से खराब पुरानी स्ट्रीट लाइटें भी अब तक नहीं बदली जा सकीं।
वार्ड संख्या 21 की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक बताई जा रही है, जहां अब तक एक भी नई स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई है। सशक्त स्थायी समिति के सदस्य संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि दुर्गा पूजा और काली पूजा के दौरान भी वार्ड के किसी पोल पर नई लाइट नहीं लगी। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान घाटों तक जाने वाले रास्तों पर रोशनी की व्यवस्था के लिए निगम प्रशासन से कई बार आग्रह किया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। नतीजतन, छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को कई गलियों और रास्तों से अंधेरे में गुजरना पड़ा।
संजय कुमार सिन्हा ने आरोप लगाया कि चयनित एजेंसी का रवैया उदासीन है और निर्धारित लक्ष्य पूरा न होने के बावजूद निगम प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब 5,000 लाइट लगाने का लक्ष्य तय था, तो समय पर काम पूरा क्यों नहीं हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सशक्त स्थायी समिति और सामान्य बोर्ड की बैठकों में संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि को नहीं बुलाया जाता, जिससे पार्षद देरी का कारण नहीं पूछ पाते और यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि शेष 3,800 लाइटें कब तक लगेंगी। उन्होंने लापरवाह एजेंसी पर अविलंब कार्रवाई करने और सभी वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर लाइट लगाने की मांग की है।
