पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पाकिस्तान के नारोवाल स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब जाकर मत्था टेकने के लिए विदेश मंत्रालय से अनुमति मांगी है। आम आदमी पार्टी की ओर से बुधवार को यह जानकारी दी गई। पार्टी के मुताबिक, मुख्यमंत्री की यह यात्रा गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व से जुड़ी है, जो 24 नवंबर से शुरू होने वाला है। मान पिछले कुछ समय से धार्मिक यात्रा और एक पंजाबी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तान जाने की इच्छा जता रहे थे।
इससे पहले विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया था कि उन्हें लाहौर में होने वाले तीन दिवसीय सांस्कृतिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। उसी दौरान उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर को फिर से खोलने की मांग भी की थी। विदेश मंत्रालय से जब इस मामले पर सवाल किया गया था, तो उसने स्पष्ट किया था कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों को विदेश यात्रा की मंजूरी एक तय नीति के तहत दी जाती है। मंत्रालय ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद इस्लामाबाद को लेकर नई दिल्ली के रुख का भी जिक्र किया था।
भारत से जाने वाले सिख श्रद्धालुओं के लिए शुरू किया गया करतारपुर कॉरिडोर पाकिस्तान की हरकतों की वजह से बंद है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था, और उसी 7 मई 2025 से यह कॉरिडोर बंद है। मुख्यमंत्री मान लंबे समय से इसे खोले जाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर गलियारा फिर से खोलने की अपील की थी।
मुख्यमंत्री मान ने कहा है कि अगर आने वाले दिनों में करतारपुर गलियारा नहीं खुलता है, तो केंद्र सरकार उन्हें अटारी-वाघा सीमा के रास्ते गुरुद्वारा जाने की अनुमति दे सकती है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री मान की पेरिस यात्रा को लेकर भी विवाद खड़ा हुआ था।
