प्यू रिसर्च सेंटर ने बुधवार को जारी अपने नए अनुमान में कहा है कि 2035 तक दुनिया में मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है। संस्थान पिछले 25 वर्षों से धर्म के आधार पर आबादी का अध्ययन कर रहा है। अध्ययन में पाया गया है कि इस्लाम और ईसाई, दोनों धर्मों को मानने वालों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर काफी तेज है।

ताजा अनुमान के अनुसार, 2020 में दुनिया में 227 करोड़ ईसाई और 202 करोड़ मुस्लिम थे। नए अनुमान में कहा गया है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 257 करोड़ और ईसाई आबादी 252 करोड़ हो सकती है। अगर मौजूदा रुझान जारी रहा तो 2070 तक दुनिया में मुस्लिमों की संख्या 360 करोड़ से अधिक और ईसाइयों की संख्या 300 करोड़ से कुछ कम हो सकती है।

रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के कई देशों में ऐसे लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो खुद को नास्तिक या किसी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं मानते। इन्हें 'नोन्स' कहा जाता है। चीन को छोड़कर दुनिया के अन्य देशों में ऐसे लोगों की संख्या 2070 तक 18 करोड़ से अधिक बढ़ सकती है।

अनुमान में यह भी कहा गया है कि अगले 40 सालों में अमेरिका में ईसाई बहुसंख्यक आबादी नहीं रह जाएंगे। फिलहाल अमेरिका की कुल आबादी में ईसाइयों की हिस्सेदारी 62 प्रतिशत है, जो 2065 तक घटकर 50 प्रतिशत से नीचे आ सकती है। पड़ोसी देश कनाडा में भी 2030 तक ईसाइयों की आबादी 50 प्रतिशत से कम होने का अनुमान है। इसकी एक बड़ी वजह यह बताई गई है कि वहां ऐसे लोगों की संख्या बढ़ी है जो कोई धार्मिक पहचान नहीं रखना चाहते।