अमेरिका के प्यू रिसर्च सेंटर की एक नई रिपोर्ट में वैश्विक धार्मिक आबादी में हो रहे बदलावों का अनुमान लगाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2010 में दुनिया की कुल आबादी करीब 6.9 अरब थी, जो 2050 तक बढ़कर 9.3 अरब तक पहुंच सकती है। इस दौरान मुस्लिम आबादी में सबसे तेज वृद्धि होने का अनुमान है। 2010 में दुनिया में मुसलमानों की आबादी करीब 1.6 अरब थी, जो 2050 तक बढ़कर लगभग 2.76 अरब हो सकती है, यानी करीब 73 फीसदी की बढ़ोतरी।
रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है। फिलहाल दुनिया में 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुस्लिम हैं। अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब और ईसाई आबादी 2.52 अरब हो जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर सबसे ज्यादा है। 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं में प्रति महिला औसतन 3.1 बच्चे पैदा हुए, जबकि ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 और अन्य धर्मों में 1.6 रहा। प्यू के अनुमान के मुताबिक, 2070 तक दुनिया में मुस्लिमों की आबादी 3.6 अरब से ज्यादा हो सकती है, जबकि ईसाइयों की संख्या 3 अरब से कम रहने का अनुमान है।
भारत की बात करें तो 2020 से 2050 के बीच हिंदुओं की आबादी 17.6 करोड़ बढ़ जाएगी, लेकिन देश की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी घटने का अनुमान है। इसकी वजह मुस्लिमों की ज्यादा प्रजनन दर बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में मुस्लिम महिलाओं के औसतन बच्चों की संख्या हिंदू महिलाओं से अधिक है और मुस्लिम आबादी का आयु वर्ग भी अपेक्षाकृत युवा है। हालांकि, इसके बावजूद 2070 तक हिंदू भारत की कुल आबादी के तीन-चौथाई से ज्यादा बने रहेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में हिंदुओं की आबादी 2020 के करीब 40 लाख से बढ़कर 2070 तक 90 लाख हो सकती है, जबकि अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और कैरेबियन में हिंदुओं की कुल संख्या में गिरावट की संभावना है। अनुमान है कि 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा, जिसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान होगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चीन को छोड़कर बाकी दुनिया में खुद को नास्तिक, अज्ञेयवादी या किसी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं मानने वाले लोगों की संख्या 2070 तक 18 करोड़ से ज्यादा बढ़ सकती है।
