प्यू रिसर्च सेंटर के बुधवार को जारी अनुमानों के मुताबिक, 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, 2020 में दुनिया में 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे। अनुमान है कि 2035 तक मुसलमानों की संख्या 2.57 अरब और ईसाइयों की 2.52 अरब हो जाएगी।

प्यू के वरिष्ठ जनसांख्यिकीविद् कॉनरॉड हैकेट ने इसकी मुख्य वजह बच्चों की संख्या बताई। उनके मुताबिक, धर्म बदलने और प्रवासन जैसे कारक प्रजनन दर की तुलना में बहुत छोटे हैं। 2020-2025 के दौरान मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे रही, जबकि ईसाई महिलाओं की दर 2.5 और अन्य धर्मों की महिलाओं की औसत दर 1.6 थी। इस अवधि में मुस्लिम माताओं से करीब 25.2 करोड़ और ईसाई माताओं से 20.8 करोड़ बच्चे पैदा हुए।

हाल के रुझान जारी रहने पर 2070 तक मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से अधिक और ईसाइयों की संख्या 3 अरब से कुछ कम रहने का अनुमान है। 2020 से 2070 के बीच दुनिया की आबादी में 29 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है, जिसमें ईसाइयों की संख्या 30 प्रतिशत और मुसलमानों की 80 प्रतिशत बढ़ने की संभावना जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, हिंदुओं और यहूदियों की संख्या बढ़ने के बावजूद वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी घटने का अनुमान है, जबकि बौद्धों की संख्या और हिस्सेदारी दोनों में कमी आ सकती है।

अनुमानों के मुताबिक, 2070 तक पाकिस्तान में मुसलमानों की आबादी सबसे अधिक होगी, उसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान रहेगा। फिलहाल सबसे अधिक मुसलमान इंडोनेशिया में हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 40 साल के भीतर अमेरिका में ईसाई बहुसंख्यक नहीं रहेंगे; वहां ईसाइयों की हिस्सेदारी 62 प्रतिशत से घटकर 2065 तक 50 प्रतशत से नीचे आ सकती है। हार्वर्ड डिविनिटी स्कूल की वरिष्ठ शोधकर्ता जीना जुर्लो ने बदलते रुझानों के मद्देनजर ईसाई-मुस्लिम संबंधों को बेहद महत्वपूर्ण बताया।