भिवानी के 23 वर्षीय एक जिम्नास्ट की सड़क हादसे में मौत हो गई। पीजीआई रोहतक में सोमवार को चिकित्सकों की विशेष कमेटी ने उन्हें ब्रेन स्टेम डेड घोषित किया। इसके बाद परिवार ने अंगदान का फैसला लिया, जिससे आठ लोगों को नया जीवन मिलने की उम्मीद है।

भिवानी का 23 वर्षीय युवक जिम्नास्ट बनकर देश के लिए पदक जीतने का सपना देख रहा था, लेकिन एक सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। गंभीर रूप से घायल युवक को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। ट्रामा सेंटर के इंचार्ज डा. तरुण यादव और उनकी टीम ने उसका जीवन बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए।

सोमवार को चिकित्सकों की विशेष कमेटी ने निर्धारित जांच के बाद युवक को ब्रेन स्टेम डेड घोषित कर दिया। ब्रेन स्टेम डेथ घोषित करने वाली कमेटी में न्यूरो सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं यूनिट हेड डा. वरुण अग्रवाल, एनेस्थीसियोलाजी एवं क्रिटिकल केयर विभाग के प्रोफेसर डा. तरुण यादव और सर्जरी विभाग की सहायक प्रोफेसर डा. रुचिका शामिल रहीं।

अंगदान के फैसले को लेकर परिवार सदमे और असमंजस में था। स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एचके अग्रवाल ने परिजनों को समझाया कि युवक भले ही इस दुनिया से जा चुका है, लेकिन उसके अंगों से दूसरे लोगों को जीवन मिल सकता है। इसके बाद परिवार ने हिम्मत जुटाकर अंगदान की सहमति दे दी। परिजनों ने युवक के कार्निया, हृदय, फेफड़े, लिवर और दोनों किडनी दान करने का फैसला किया। युवक के अंगों से आठ लोगों को नया जीवन मिलने की उम्मीद है।